सोशल मीडिया पर चतुर्वेदी समाज व महिलाओं के खिलाफ अभद्र पोस्ट मामले में कोतवाली में FIR दर्ज

​मथुरा । सोशल मीडिया पर चतुर्वेदी समाज तथा समाज की महिलाओं के विरुद्ध कथित रूप से आपत्तिजनक, अपमानजनक और मानहानिकारक पोस्ट प्रसारित करने के मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली में ​दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 29 नवंबर 2026 थाना कोतवाली में अधिवक्ता राकेश तिवारी (निवासी गली तिवारी, छत्ता बाजार, मथुरा) ने चतुर्वेदी समाज के सदस्यों एवं प्रभावित परिवारों की ओर से लिखित तहरीर दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 23 नवंबर 2026 या उसके आसपास ‘शशि शेखर गौतम’ नामक फेसबुक प्रोफाइल से सार्वजनिक रूप से ऐसी सामग्री साझा की गई, जिससे चतुर्वेदी समाज की धार्मिक व सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंची और समाज के लोगों को मानसिक पीड़ा व सार्वजनिक अपमान का सामना करना पड़ा।

​तहरीर में उल्लेख किया गया है कि उक्त फेसबुक अकाउंट से जारी पोस्टों में समाज को निशाना बनाते हुए विवादित टिप्पणियां की गईं तथा एक अन्य पोस्ट के माध्यम से समाज की महिलाओं की गरिमा और मर्यादा को आहत करने वाली अभद्र व आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, इन पोस्टों का उद्देश्य समाज में वैमनस्य व आक्रोश फैलाना था।
​
​थाना कोतवाली पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी शशि शेखर गौतम तथा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67 के अंतर्गत FIR संख्या 0823/2026 दर्ज की है। प्रकरण की विवेचना निरीक्षक सुनील कुमार को सौंपी गई है, जो डिजिटल साक्ष्यों और सोशल मीडिया पोस्टों के तथ्यों की जांच करेंगे।