मथुरा में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, पांच पुलिस उपाधीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले

एसएसपी श्लोक कुमार ने नवागत पुलिस उपाधीक्षकों को सौंपी नई जिम्मेदारी, कई सर्किलों में हुआ बदलाव

मथुरा। जनपद में नवागत पुलिस उपाधीक्षकों के आगमन के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने पुलिस विभाग में कार्यक्षेत्रों का पुनर्वितरण किया है। तत्काल प्रभाव से पांच पुलिस उपाधीक्षकों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। जारी आदेश के अनुसार पुलिस उपाधीक्षक देवेश सिंह को क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी बनाया गया है। उनके कार्यक्षेत्र में रिफाइनरी फरह और हाईवे थाने शामिल रहेंगे। पुलिस उपाधीक्षक हिमांशु माथुर को क्षेत्राधिकारी गोवर्धन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके अधीन गोवर्धन बरसाना और मगोर्रा थाना रहेंगे। पुलिस उपाधीक्षक चमन सिंह चावड़ा को क्षेत्राधिकारी छाता बनाया गया है। उनके कार्यक्षेत्र में छाता कोसीकलां और शेरगढ़ थाने शामिल किए गए हैं। वहीं क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी रहे प्रवीण कुमार तिवारी को क्षेत्राधिकारी वृंदावन बनाया गया है। उनके अधीन वृंदावन थाना पर्यटन थाना और साइबर थाना रहेंगे।

इसके अलावा क्षेत्राधिकारी वृंदावन रहे संदीप कुमार सिंह को क्षेत्राधिकारी यातायात की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस विभाग में किए गए इस बदलाव को प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।