यातायात माह में मथुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2,078 वाहनों के चालान और 15 सीज

अतिक्रमण हटाकर सुचारू कराया यातायात, पंपलेट बांटकर लोगों को किया सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक

मथुरा। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए चलाए जा रहे यातायात माह के तहत मथुरा पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 2,078 वाहनों के चालान किए गए जबकि 15 वाहनों को सीज किया गया। वहीं शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से अतिक्रमण हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा नवंबर माह को यातायात माह के रूप में मनाते हुए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक यातायात ने गोकुल रेस्टोरेंट पर आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। सड़क किनारे खड़े ठेल-ढकेलों को पीछे हटवाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। वहीं यातायात उपनिरीक्षकों ने केजेएस फाटक और डीग गेट क्षेत्र में अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई की।

शहर के प्रमुख स्थानों और चौराहों पर पंपलेट वितरित कर लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस विभाग और परिवहन विभाग के साथ सामाजिक संगठनों की सहभागिता से चलाए जा रहे अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वालों की विशेष चेकिंग भी की गई।

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की कि सड़क पर स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित वाहन चलाने के लिए अन्य लोगों को भी प्रेरित करें।