ऑपरेशन यात्री सुरक्षा में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, 86 आरोपी गिरफ्तार
आगरा मंडल में सात माह के दौरान चोरी और झपटमारी की घटनाओं पर कार्रवाई, एक करोड़ से अधिक की संपत्ति बरामद
मथुरा। रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आगरा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी सफलता हासिल की है। अभियान के अंतर्गत अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक सात माह में यात्रियों के सामान की चोरी झपटमारी और अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त 86 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से चोरी अथवा खोई हुई संपत्ति बरामद की गई जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 2 लाख 38 हजार 50 रुपये आंकी गई है।
मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामकृष्णन के मार्गदर्शन में आरपीएफ की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। इसके तहत रेलवे स्टेशनों प्लेटफॉर्मों यात्री ट्रेनों और कोचों में सघन गश्त के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार यात्रियों की संपत्ति की सुरक्षा और रेल परिसरों को अपराधमुक्त बनाने के लिए आधुनिक तकनीक सीसीटीवी कैमरों और त्वरित कार्रवाई दलों की मदद ली जा रही है। इसके साथ ही यात्रियों को जागरूक करने के लिए समय-समय पर अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान के प्रति सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल आरपीएफ को दें अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें।