मथुरा में आयकर विभाग की बड़ी छापेमारी, आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई

बिल्डर, होटल मालिक, टिंबर कारोबारी और ज्वेलर्स प्रतिष्ठान जांच के दायरे में; गाजियाबाद से पहुंचीं टीमों ने सुबह पांच बजे शुरू की कार्रवाई

मथुरा। शुक्रवार तड़के आयकर विभाग की टीमों ने मथुरा और वृंदावन में आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर एक साथ छापेमार कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दायरे में नामचीन बिल्डर, होटल मालिक, टिंबर मर्चेंट, व्यापारी और ज्वेलर्स प्रतिष्ठान शामिल बताए जा रहे हैं। गाजियाबाद से पहुंची आयकर विभाग की टीमों ने वृंदावन स्थित रेडिसन होटल सहित कई ठिकानों पर वित्तीय लेनदेन और कारोबारी अभिलेखों की जांच की। अचानक हुई इस कार्रवाई से व्यापारिक जगत में खलबली मच गई।

सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की टीमों ने शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे कार्रवाई शुरू की। इसके लिए लगभग चार दर्जन वाहनों से अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें मथुरा पहुंचीं। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी और सर्वे की कार्रवाई शुरू की गई। टीमों ने संबंधित प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर कारोबारी दस्तावेजों रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से जुड़े अभिलेखों की गहन पड़ताल की।

कार्रवाई के दौरान जिन प्रतिष्ठानों पर टीमें पहुंचीं वहां मौजूद कर्मचारियों और फर्मों से जुड़े लोगों के साथ ही वाहन चालकों को भी बाहर जाने से रोककर परिसर में ही रखा गया। बताया जा रहा है कि जांच पूरी होने तक किसी को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई।

सूत्रों के मुताबिक कई होटल स्वामी और बड़े कारोबारी भी आयकर विभाग की जांच के दायरे में हैं। बिल्डर और टिंबर कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर भी विभाग की टीमें जांच कर रही हैं। हालांकि विभाग की ओर से अभी तक कार्रवाई और इसमें शामिल कारोबारियों के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

आयकर विभाग की इस व्यापक कार्रवाई को लेकर शहर के व्यापारिक और कारोबारी क्षेत्रों में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा। फिलहाल विभिन्न ठिकानों पर जांच जारी रहने की बात सामने आ रही है।