मथुरा में 16 नवंबर से शुरू होगी जनगणना की स्व-गणना, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

मथुरा। जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनगणना के दूसरे चरण में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इसके तहत नागरिक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या की गणना करेंगे। जनगणना का संदर्भ समय पांच जनवरी 2027 की रात 12 बजे निर्धारित किया गया है।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि स्व-गणना के लिए नागरिकों को secensus.gov.in पोर्टल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस पोर्टल पर परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज करने के बाद एक एसई आईडी (SE ID) जारी होगी। नागरिकों को इस आईडी को सुरक्षित रखना होगा और सत्यापन के दौरान प्रगणक को दिखाना होगा। जो परिवार ऑनलाइन स्व-गणना नहीं कर पाएंगे उनके घर पहुंचकर प्रगणक स्वयं जानकारी दर्ज करेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में जिले में मकान सूचीकरण का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक पूरा कराया जा चुका है। इस दौरान 4894 ब्लॉकों में मकानों का सूचीकरण किया गया। जिले की अनुमानित आबादी करीब 31 लाख है। जनगणना कार्य को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए बड़े स्तर पर कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जिले में जनगणना के लिए कुल 24 चार्ज बनाए गए हैं। इनमें पांच तहसील, 13 नगर पंचायत, एक नगर पालिका, चार नगर निगम जोन और एक छावनी परिषद शामिल हैं। जनगणना के लिए कुल 6054 ब्लॉक निर्धारित किए गए हैं। इनमें 5605 प्रगणक और 919 पर्यवेक्षक सहित कुल 6524 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके अतिरिक्त चार मास्टर ट्रेनर और 98 फील्ड ट्रेनर भी तैनात किए जाएंगे। सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 14 नवंबर तक पूरा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति को गणना में शामिल किया जाएगा। इस प्रक्रिया में नाम, आयु, लिंग, नागरिकता, जन्मस्थान, वैवाहिक स्थिति, परिवार से संबंध, धर्म, जाति, भाषा, साक्षरता, आर्थिक गतिविधि, प्रवास, दिव्यांगता, प्रजनन क्षमता और बैंकिंग सुविधाओं तक पहुंच सहित कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इन जानकारियों के आधार पर देश की जनसंख्या और सामाजिक-आर्थिक स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े तैयार किए जाएंगे।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जनपदवासियों से जनगणना कार्य में पूरा सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना अधिनियम-1948 के तहत लोगों की ओर से उपलब्ध कराई गई व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रखी जाएगी। साथ ही नागरिकों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक पासवर्ड, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें। प्रशासन का प्रयास है कि जनगणना-2027 का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ संपन्न कराया जाए।
पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधिक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त ओजस्वी राज, अपर जिलाधिकारी वित्त पंकज कुमार वर्मा मौजूद रहे।