दीपावली पर सुरक्षा को लेकर डीएम-एसएसपी सड़क पर उतरे, पटाखा बाजार का किया सघन निरीक्षण
रामलीला मैदान और गोविन्द नगर क्षेत्र में परखी अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, दुकानदारों को आपात स्थिति से निपटने के दिए निर्देश
मथुरा । दीपावली पर्व पर पटाखों की बिक्री के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सीपी सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से रामलीला मैदान तथा गोविन्द नगर थाना क्षेत्र में संचालित पटाखा दुकानों का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखा दुकानों पर अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को बारीकी से परखा। विशेष रूप से दुकानों पर उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों की जांच की गई और उनकी उपयोगिता के संबंध में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने पटाखा विक्रेताओं से पूछा कि आग लगने अथवा किसी अन्य आपात स्थिति से निपटने के लिए क्या-क्या इंतजाम किए गए हैं।
इस दौरान जिलाधिकारी ने एक पटाखा विक्रेता से सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। दुकानदार ने बताया कि दुकान पर बालू से भरी बाल्टियां और पानी सहित आग बुझाने के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने अग्निशमन यंत्रों के सही संचालन की जानकारी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल उनका इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।
डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पटाखा विक्रेताओं को निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा दुकानों पर अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैद रहने को कहा। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग के निरीक्षक सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।