मथुरा में त्योहारों से पहले पुलिस अलर्ट, कृष्णा नगर में ज्वेलर्स की दुकानों का निरीक्षण
एएसपी आशना चौधरी और सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र ने व्यापारियों को दिए सुरक्षा के निर्देश, सीसीटीवी कैमरे चालू रखने पर दिया जोर
मथुरा । आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में बुधवार शाम करीब सात बजे एएसपी आशना चौधरी और सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र ने कृष्णा नगर क्षेत्र में ज्वेलर्स की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और संभावित आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एएसपी आशना चौधरी ने ज्वेलर्स संचालकों को निर्देश दिए कि दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू हालत में रखें। कैमरों की नियमित जांच भी सुनिश्चित करें ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की स्थिति में पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध हो सकें। उन्होंने व्यापारियों से सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
वहीं सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र ने व्यापारियों से सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं को गंभीरता से अपनाने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने को कहा।
एएसपी आशना चौधरी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान कोतवाली प्रभारी अजय कौशल, कृष्णा नगर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक संजीव कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।