आगरा कॉलेज ने जीता यूनिफेस्ट-2026 का ओवरऑल खिताब, हासिल की प्रतिष्ठित ‘जितेंद्र रघुवंशी चल वैजयंती ट्रॉफी’

​आगरा । डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता ‘यूनिफेस्ट-2026-27’ में आगरा कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया है। विश्वविद्यालय परिसर में 30 और 31 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में कॉलेज के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक, साहित्यिक और रचनात्मक मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 69 अंक अर्जित किए और प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही कॉलेज ने प्रतिष्ठित ‘जितेंद्र रघुवंशी चल वैजयंती ट्रॉफी’ पर भी कब्जा जमा लिया।

​इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए इसे विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने सांस्कृतिक समिति के सभी सदस्यों के समर्पण और मार्गदर्शन की भी विशेष सराहना की। इस सफलता को हासिल करने में आगरा कॉलेज की सांस्कृतिक समिति की प्रमुख भूमिका रही, जिसमें प्रो. शेफाली चतुर्वेदी, प्रो. रीता देव और प्रो. रीता निगम ने विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और तैयारी में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस शानदार प्रदर्शन से महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह का माहौल है और सभी ने विजेता विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।