पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत खुद से करें विद्यार्थी : नगर आयुक्त

क्लाइमेट पे चर्चा 3.0 में 11 स्कूलों के विद्यार्थियों ने रखे विचार, वृंदावन पब्लिक स्कूल रहा प्रथम

मथुरा। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर निगम मथुरा-वृंदावन एवं प्रोजेक्ट मथुरा के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय में ‘क्लाइमेट पे चर्चा 3.0’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 11 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में तीन चरणों में धार्मिक अपशिष्ट के निस्तारण कचरा जलाने और पटाखों से होने वाले प्रदूषण पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने कहा कि पूजा-पाठ में प्रकृति से प्राप्त होने वाली सामग्रियों का ही इस्तेमाल करना चाहिए। धार्मिक आयोजनों में प्लास्टिक और कृत्रिम सजावटी सामग्री के बजाय प्राकृतिक एवं पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने चाहिए। विद्यार्थियों ने नए साल और शादी समारोह जैसे आयोजनों में पटाखों का इस्तेमाल कम से कम करने तथा उत्सवों को आतिशबाजी पर निर्भर न रखने का संदेश दिया।

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण स्वच्छता एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर संवाद करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत स्वयं से करनी होगी। प्रत्येक विद्यार्थी अपने घर विद्यालय और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता एवं पर्यावरण अनुकूल आदतों को अपनाए तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करे। बच्चों की छोटी-छोटी पहल भविष्य में बड़े सकारात्मक बदलाव का आधार बन सकती है।

विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के आधार पर वृंदावन पब्लिक स्कूल ने प्रथम आर्मी पब्लिक स्कूल ने द्वितीय तथा माउंट हिल एकेडमी गोकुलपुरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वृंदावन पब्लिक स्कूल के स्पर्श ने पूजा के फूलों से अगरबत्ती और इत्र बनाने की बात कही। जयपुरिया स्कूल की अनामिका ने मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने डीपीएस की विदुषी ने उत्सवों की परिभाषा बदलने तथा माउंट हिल एकेडमी की प्रिंसी ने बीजों से राखी बनाने के प्रयास साझा किए।

कार्यक्रम में इको लीडरशिप अवार्ड के लिए रमनलाल सोरावाला स्कूल की पायल आर्मी पब्लिक स्कूल की तनुश्री कान्हा माखन मिलेनियम के ज्ञानेश जयपुरिया स्कूल की अनामिका एवं माउंट हिल एकेडमी की अन्वी को सम्मानित किया गया। ग्रीन इनोवेटर अवार्ड के लिए जयपुरिया स्कूल की लक्षिता एवं अनामिका डीपीएस की विदुषी माउंट हिल एकेडमी की प्रिंसी तथा वृंदावन पब्लिक स्कूल के विनय कुमार सिंह को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त पांच विद्यार्थियों को क्लाइमेट एक्शन अवार्ड से सम्मानित किया गया।

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि अगले कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कचरा प्रबंधन केंद्र का भ्रमण कराया जाएगा। वहां उन्हें कचरे के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया दिखाई जाएगी ताकि वे कचरा प्रबंधन की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझ सकें और अपने स्तर पर भी स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभा सकें।

प्रोजेक्ट मथुरा के संस्थापक विपुल अग्रवाल ने कहा कि संस्था आगे भी इको क्लब और विद्यालयों में कार्यशालाएं आयोजित करती रहेगी। बदलाव धीरे-धीरे और सभी बच्चों को साथ लेकर ही संभव है। इसी उद्देश्य से जल्द ही क्लाइमेट पे चर्चा 4.0 का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में नगर निगम की आईसी टीम प्लान फाउंडेशन तथा प्रोजेक्ट मथुरा की टीम से कृष्णा श्री अर्पिता दीपक अमन विवेक शिवांगी सिद्धि मनीष उदय काव्य एवं नवज्योति सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।