मथुरा पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

आठ चोरी की बाइक और एक स्कूटी बरामद, दिल्ली और मथुरा से चुराए थे वाहन

मथुरा। थाना कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की आठ मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। बरामद वाहनों में दिल्ली और मथुरा से चोरी किए गए वाहन शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब 1:58 बजे कोतवाली पुलिस टीम ने बोहरे नगर में चौबे की बगीची के पास दक्षिणी दीवार की तरफ पीपल के पेड़ के नीचे दबिश देकर दो युवकों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विपिन कुमार निवासी गांव बाजना थाना हाईवे मथुरा और मनीष कुमार निवासी गांव फौजू आका पोस्ट हैतलपुर थाना टप्पल जिला अलीगढ़ के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 22 से 23 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की। इनमें स्प्लेंडर प्लस और स्प्लेंडर प्रो सहित विभिन्न मॉडल की बाइक तथा एक रॉयल एनफील्ड बुलेट शामिल है। एक मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट के मिली है। बरामद वाहनों में मथुरा के थाना कोतवाली में दर्ज दो चोरी के मामलों के अलावा दिल्ली के आरकेपुरम मालवीय नगर किशनगढ़ और सरोजिनी नगर थानों में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित वाहन भी शामिल हैं।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 761/2026 दर्ज किया है। साथ ही पहले से दर्ज चोरी के मुकदमों में भी संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वाहन चोरी से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संजीव कुमार रविन्द्र बाबू और पवन कुमार के अलावा हेड कांस्टेबल राजेश कुमार कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार धीरज तथा सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल परविन्द्र शामिल रहे।