दीपावली से पहले मथुरा में हल्दीराम, रॉयल भारती, राधिका स्वीट्स सहित नामचीन मिठाई की दुकानों पर खाद्य विभाग का छापा, मचा हड़कंप

कई प्रतिष्ठानों से लिए गए घी, खोया और मिठाइयों के नमूने, 15 किलो धनिया पाउडर समेत संदिग्ध खाद्य सामग्री सीज

मथुरा। दीपावली पर्व पर आम जनता को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के आदेश पर सहायक आयुक्त खाद्य आगरा मंडल सय्यद शाहनवाज हैदर आबिदी के निर्देशन में राज्य सचल दल ने मथुरा जनपद में विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ औचक छापेमारी की। विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई निर्माताओं और कारोबारियों में खलबली मच गई।

अभियान के दौरान ट्रांसपोर्ट नगर स्थित राधे-राधे मिठाई वाले से बेसन के लड्डू का नमूना लिया गया। सिविल लाइन स्थित पुलिस लाइन के सामने लाला स्वीट्स से बर्फी तथा मसानी रोड स्थित राधारानी रसगुल्ला एंड नमकीन भंडार से घी रंगीन चाप और खोया के नमूने संग्रहित किए गए। इन प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना भी जारी की गई।

सौंख रोड स्थित राधिका स्वीट्स एवं श्री राधिका स्वीट्स से केसर बर्फी काजू बर्फी घी खोया काजू पिस्ता और सोनपपड़ी के नमूने लिए गए। औरंगाबाद स्थित बंसल स्वीट्स एंड मिल्क सेंटर से घी बर्फी और बेसन के लड्डू तथा टाउनशिप स्थित कान्हा स्वीट्स से बेसन के लड्डू और मिल्क केक के नमूने संग्रहित किए गए। बीएसए रोड स्थित राधिका बाजार के वाईकेवाई मिठाई वाला से सोनपपड़ी और खोया का नमूना लेकर सुधार नोटिस जारी किया गया।

वृंदावन स्थित रॉयल भारती से धनिया पाउडर मिल्क केक सोनपपड़ी और खोया के नमूने लिए गए। यहां 15 किलोग्राम धनिया पाउडर सीज किया गया। सुनरख रोड स्थित श्रीराम स्वीट्स से खोया छैना मिठाई और चंद्रकला मिठाई के नमूने लिए गए। वहीं सौंख रोड स्थित हल्दीराम से रंगीन बर्फी घी और पनीर के नमूने संग्रहित किए गए।

छापेमारी के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों पर अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने सख्त कार्रवाई की। गौर केंद्र स्थित बृजवासी स्वीट्स की फैक्ट्री से मिर्च पाउडर, पनीर, खोया और हीराकली रंगीन मिठाई के नमूने लिए गए।

मंडी रामदास स्थित मधुरम स्वीट्स पर जांच के दौरान रंगीन छैना टोस्ट और खोया के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं 10 किलोग्राम अरारोट पांच किलोग्राम बेसन और 50 किलोग्राम दूषित मिठाई मौके पर ही नष्ट कराई गई। प्रतिष्ठान को कड़ा सुधार नोटिस भी जारी किया गया।

खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से साफ है कि त्योहारी मौसम में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अभियान जारी रहेगा।