यमुना एक्सप्रेस वे पर भीषण सड़क हादसा: कैंटर में घुसीं दो ट्रैवल बसें, 24 से अधिक यात्री घायल

​मथुरा । यमुना एक्सप्रेस वे पर गुरुवार तड़के थाना मांट क्षेत्र अंतर्गत माइलस्टोन 101 के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। नोएडा से आगरा की ओर जा रही दो सवारी बसों की कांच से भरे एक कैंटर से टक्कर हो गई, जिसमें दो दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई और हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई।
​
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, दुर्घटना तड़के करीब 3:15 बजे हुई। कांच के सामान से भरा आयशर कैंटर आगरा की ओर जा रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ‘विश्वनाथ ट्रैवल्स’ की बस ने ओवरटेक करने के प्रयास में कैंटर में जोरदार टक्कर मार दी। इसी दौरान पीछे से आ रही ‘ट्रैवल पॉइंट’ की एक अन्य बस भी बेकाबू होकर कैंटर से टकरा गई। भीषण टक्कर के चलते कांच से लदा कैंटर सड़क पर ही पलट गया।
​
इस हादसे में कश्मीरी गेट फिरोजाबाद निवासी चांदनी (पत्नी मेराज), आमिर (पुत्र अफसर), आजाद, वसीम (पुत्र सलीम) और अजर बानो (पत्नी साबिर सिद्दीकी) सहित 24 से अधिक सवारी घायल हो गए।

​पुलिस ने संभाला मोर्चा, एंबुलेंस से घायलों को भेजा अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। जेपी और सरकारी एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और बाधित यातायात को सुचारू कराया।

​थाना प्रभारी ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।