सोशल मीडिया से महिलाओं को जाल में फंसाकर जेवर ठगने का आरोपी गिरफ्तार, 30 लाख के आभूषण बरामद
परिवार में अविश्वास पैदा कर महिलाओं को डराता और गुमराह करता था आरोपी, हाथरस का निवासी है गिरफ्तार युवक
मथुरा। सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं से संपर्क कर उन्हें अपने जाल में फंसाने और धोखाधड़ी से सोने-चांदी के आभूषण ठगने के मामले में थाना हाईवे पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हाथरस जनपद के मुरसान थाना क्षेत्र के नगला सुखा निवासी लोकेन्द्र पुत्र लक्ष्मण के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस लाईन में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधिक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि 9 सितंबर 2026 को पीड़िता के लिखित प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना हाईवे में मुकदमा अपराध संख्या 1044/2026, धारा 318(4) और 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी की तलाश की जा रही थी। रविवार 25 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोपहर 1:44 बजे माल गोदाम रोड, मथुरा से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं से संपर्क करता था। इसके बाद उनके पति और परिवार के अन्य सदस्यों के प्रति अविश्वास पैदा कर उन्हें डराने और गुमराह करने का प्रयास करता था। इसी तरीके से कथित तौर पर धोखाधड़ी कर महिलाओं से कीमती आभूषण ठग लेता था। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने इस तरीके से अन्य महिलाओं को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने सोने के आठ प्रकार के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें कंठी व चेन, ओम लॉकेट लगी चेन, अंगूठी, कान के टॉप्स, लॉकेट, हार, कंगन व चूड़ियां तथा मंगलसूत्र शामिल हैं। बरामद आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध थाना हाईवे मथुरा में धोखाधड़ी से संबंधित वर्तमान मुकदमे के अलावा हाथरस जंक्शन थाने में बीएनएस की धारा 196(1)/302 तथा मुरसान थाने में शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना हाईवे के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार निर्वाल, निरीक्षक तेजवीर सिंह, उपनिरीक्षक रोहित उज्ज्वल, उपनिरीक्षक उमंग त्यागी, कांस्टेबल सूरज पाल और कांस्टेबल मोहित शर्मा शामिल रहे।