मथुरा में 23 अक्टूबर से सजेगा ‘ब्रज रज उत्सव 2026’ का भव्य मंच; लखवीर सिंह लक्खा और सांसद हेमा मालिनी बिखेरेंगे जलवा

​जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सुरक्षा-व्यवस्था का खाका तैयार

​
​मथुरा । धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी मथुरा में एक बार फिर कला, संस्कृति और भक्ति का महाकुंभ सजने जा रहा है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में ‘ब्रज रज उत्सव 2026’ की रूपरेखा तय कर दी गई है। यह भव्य आयोजन इस बार 23 अक्टूबर 2026 से 02 नवंबर 2026 तक धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड पर धूमधाम से आयोजित किया जाएगा वहीं वृंदावन के स्वामी हरिदास जी प्रेक्षागृह में भी 23 से 28 अक्टूबर तक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा

​राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियां और विशेष आकर्षण
​उत्सव को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए देश-विदेश के जाने-माने कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों, स्कूली छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियां और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। मेले में शिल्प मेला, फूड कोर्ट, झूले, जॉय राइड्स, विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां, स्वयं सहायता समूह, ओडीओपी, और खादी ग्रामोद्योग के विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे।

​धौली प्याऊ रेलवे ग्राउंड के मुख्य आकर्षण (कार्यक्रम सूची):
​23 अक्टूबर: मधुरम डिवोशनल बैंड
​24 अक्टूबर: ईशान मिश्रा (सूफी गायन)
​25 अक्टूबर: रसिक वैष्णव (ब्रजरस भजन कंसर्ट)
​26 अक्टूबर: रूट्स नादात्म बैंड
​27 अक्टूबर: गजेंद्र प्रताप सिंह (भजन क्लबिंग सिंगर)
​28 अक्टूबर: इशिता विश्वकर्मा
​29 अक्टूबर: लखवीर सिंह लक्खा
​30 अक्टूबर: अतुल पंडित
​31 अक्टूबर: पद्मश्री रामदयाल (नौटंकी)
​01 नवंबर: अभय विश्वकर्मा (म्यूजिकल बैंड)
​02 नवंबर: बैकस्टेज सिवलिंग

​स्वामी हरिदास जी प्रेक्षागृह, वृंदावन के विशेष कार्यक्रम:
​23 अक्टूबर: सांसद श्रीमती हेमा मालिनी (नृत्य नाटिका ‘गंगा’)
​25 अक्टूबर: सौरभ राज जैन (नाटक ‘मेरे कृष्ण’)
​26 अक्टूबर: रासलीला (गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी, वृंदावन)
​27 अक्टूबर: शिवानी मिश्रा (‘कलर्स ऑफ यूपी’)

​
​बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि आयोजन स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। नगर आयुक्त को रेलवे ग्राउंड की लेवलिंग, साफ-सफाई और लोक निर्माण विभाग को संपर्क मार्गों की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।
​
एसपी सिटी और एसपी यातायात को शांति व्यवस्था, सुदृढ़ ट्रैफिक प्लान और रूट डायवर्जन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है। इसके साथ ही बंदरों के आतंक से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

मेला परिसर में निर्बाध बिजली आपूर्ति, पर्याप्त फायर ब्रिगेड, पार्किंग, पानी के टैंकर, अस्थायी शौचालय, प्रतिदिन फॉगिंग और स्वास्थ्य विभाग की ओर से एम्बुलेंस व मेडिकल कैंप की मुकम्मल व्यवस्था रहेगी। ​बैठक में नगर आयुक्त ओजस्वी राज, एमवीडीए उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, प्रशिक्षीय/उप जिलाधिकारी गोवर्धन IAS सलोनी गौतम, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, एसपी यातायात राजेश कुमार तिवारी, सचिव MVDA आशीष कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।