मथुरा । वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित वृंदा वाटिका में चल रहे निजी गुरुकुल में पानी का टैंक साफ करते पांच छात्र गैस रिसाव के चपेट में आ गए, जिसकी वजह से चार की मौत हो गई। घटना से हडकंप मच गया। सूचना पर जिला अधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार मौके पर पहुंच गए।
बताया जाता है कि वृंदावन के गुरुकुल चैतन्य विहार में महर्षि परिणय संस्कृत गुरुकुलम है। यहां संस्कृत की पढ़ाई के 120 छात्र हैं। आशीष गुरुजी इसे संचालित करते हैं। तीन मंजिला बिल्डिंग में 43 कमरे हैं। ये गुरुकुलम पिछले 3 साल से चल रहा है। पांचों छात्र इसी गुरुकुलम के विद्यार्थी हैं।
स्थानीय निवासी ने बताया कि एक छात्र पहले टैंक में सफाई के लिए उतरा था। गैस की वजह से उसके बेहोश होने पर चार अन्य छात्र उसे बचाने के लिए नीचे उतरे। वे भी बेहोश हो गए। इसके बाद सभी पांचों को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान मनु कटारे, विशु, देवांश और आर्यन के रूप में हुई। वहीं रुद्राक्ष की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसा मंगलवार देर रात सवा दस बजे चैतन्य विहार स्थित महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में हुआ।
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया विद्यालय में करीब 12 फीट गहरा पानी का सबमर्सिबल टैंक था। उसमें बदबू आ रही थी, जिसे साफ करने के लिए गुरुकुल के 5 बच्चे टैंक में उतरे थे। संभवतः जहरीली गैस के कारण 4 बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और बच गया। इसकी पूरी जांच की जा रही है कि हादसा क्यों और कैसे हुआ और गुरुकुल कौन चला रहा था।
मुख्यमंत्री ने भी घटना का तत्काल संज्ञान लिया है। यह बेहद दुखद घटना है, पीड़ित परिवारों की पूरी मदद की जाएगी। एक युवक ने बताया पहले सबमर्सिबल टैंक में मोटर लगाकर पानी निकाला। फिर भी थोड़ा बहुत पानी रह गया। फिर उसे बाल्टी से निकाला। जब पानी निकल गया तो एक छात्र नीचे गया। वो बेहोश हो गया। उसको बचाने फिर छात्र गए थे।