मथुरा-राया रोड पर करीब 9000 वर्ग मीटर में हो रहा था अवैध विकास — प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने पुलिस बल के साथ की कार्रवाई
मथुरा । मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लक्ष्मीनगर क्षेत्र में विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण की कार्रवाई से अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने वालों में खलबली मच गई।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पहली कार्रवाई चित्तर प्रधान कुशल ठकुरेला एवं विकास सिनसिनवार गोपालपुर बलदेव रोड लक्ष्मीनगर मथुरा पर की गई। यहां करीब 4000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में भू-विभाजन कर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। मामले में उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 की संबंधित धाराओं के तहत वाद संख्या MTDA/Z3/ANI/2025/0000823 दर्ज किया गया था। इस मामले में 18 जून 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश पारित किया गया था।
इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई मथुरा-राया रोड पर भास्कर हॉस्पिटल के बगल से 300 मीटर दांयी ओर श्याम एन्क्लेव अबेंडकर नगर कॉलोनी लक्ष्मीनगर में की गई। यहां करीब 5000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इस मामले में वाद संख्या MTDA/Z3/ANI/2025/0000848 दर्ज किया गया था और 18 जून 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश पारित हुआ था।
प्राधिकरण सचिव आशीष कुमार सिंह के अनुसार निर्धारित अवधि में विकासकर्ताओं द्वारा अवैध कॉलोनियों का निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद 6 अक्टूबर मंगलवार को दोनों अवैध रूप से विकसित की गई कॉलोनियों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। उपाध्यक्ष एन लक्ष्मी के निर्देश पर सचिव के नेतृत्व में प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने थाना जमुनापार पुलिस बल के सहयोग से कार्रवाई पूरी की।
प्राधिकरण सचिव ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।