मथुरा में 1 कोर के नए जनरल ऑफिसर कमांडिंग का पदभार ग्रहण, लेफ्टिनेंट जनरल अखिलेश ने संभाली कमान
लखनऊ / मथुरा। लेफ्टिनेंट जनरल अखिलेश कुमार, सेना मेडल एवं विशिष्ट सेवा मेडल, ने 01 अक्टूबर 2026 को मथुरा में 1 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल वी. हरिहरन, अति विशिष्ट सेवा मेडल एवं सेना मेडल से यह जिम्मेदारी संभाली।
पदभार ग्रहण से पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल अखिलेश कुमार एडजुटेंट जनरल ब्रांच में एडिशनल डायरेक्टर जनरल (डिसिप्लिन एंड विजिलेंस) के पद पर तैनात थे।
वे सैनिक स्कूल तिलैया एवं राष्ट्रीय रक्षा अकादमी पुणे के पूर्व छात्र हैं तथा 13 जून 1992 को ‘द राजपूताना राइफल्स’ की 4वीं बटालियन में कमीशन प्राप्त किया था। उनके पास मद्रास विश्वविद्यालय से एम.एससी. तथा उस्मानिया विश्वविद्यालय से एम.एम.एस. की डिग्री है।
अपने 34 वर्षों से अधिक के सैन्य करियर में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में सेवाएं दी हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर में लाइन ऑफ कंट्रोल पर तैनाती एवं आतंकवाद-रोधी अभियानों का व्यापक अनुभव शामिल है।
उन्होंने अपनी मूल यूनिट ‘द राजपूताना राइफल्स’ की 4वीं बटालियन की कमान संभालने के साथ-साथ राष्ट्रीय राइफल्स सेक्टर कमांडर, इन्फैंट्री डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग तथा स्ट्राइक कोर में विभिन्न महत्वपूर्ण स्टाफ एवं कमांड नियुक्तियों पर कार्य किया है।
उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें सेना मेडल (विशिष्ट) एवं विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है, साथ ही साउथ वेस्टर्न कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ कमेंडेशन कार्ड भी प्राप्त हुआ है।