मथुरा में स्वच्छता का सख्त अभियान: 18 दुकानदारों पर जुर्माना, ‘रोको-टोको’ और ‘चॉक ऑफ शेम’ से चला जागरूकता का डंडा
मथुरा । “हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” के संकल्प के साथ ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के अंतर्गत मथुरा-वृंदावन को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने की दिशा में नगर निगम ने मंगलवार को कृष्णा नगर क्षेत्र में व्यापक और सख्त स्वच्छता अभियान चलाया। कृष्णा नगर मार्केट एवं कृष्णा नगर रोड को स्वच्छता मॉडल के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से जन-जागरूकता रैली, ‘रोको-टोको’ अभियान और पंपलेट वितरण कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन किया गया।

अभियान की शुरुआत नगर निगम मुख्यालय भूतेश्वर से हुई, जो कृष्णा नगर बाजार तक पहुंची। रैली के दौरान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र एवं नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने स्वयं मौजूद रहकर नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद किया और स्वच्छता को जनभागीदारी का विषय बनाने पर जोर दिया।
रैली में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, सफाई मित्र, IEC वॉलिंटियर्स, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा कार्यदायी संस्थाओं के कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल रहे। पूरे मार्ग में स्वच्छता से जुड़े नारे गूंजते रहे, जिससे क्षेत्र में जागरूकता का माहौल बना रहा।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने सख्त रुख अपनाते हुए निरीक्षण में गंदगी पाए जाने पर 18 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग ₹50,000 का जुर्माना लगाया। नगर आयुक्त ओजस्वी राज स्वयं मौके पर पहुंचे और दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगे से उल्लंघन करने पर ₹1,000 तक का स्पॉट फाइन और अन्य कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
‘रोको-टोको’ अभियान के तहत व्यापारियों और राहगीरों को खुले में कचरा न फेंकने, नालियों में गंदगी न डालने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए मौके पर ही रोका गया और सख्त हिदायत दी गई। साथ ही दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठानों के सामने साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की गई।
वहीं ‘चॉक ऑफ शेम’ गतिविधि के माध्यम से गंदगी वाले स्थानों पर सड़क पर स्वच्छता संदेश लिखकर लोगों को उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराया गया। अभियान के दौरान पंपलेट वितरित कर नागरिकों को गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण, खुले में कचरा न फेंकने, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने और नगर निगम की कूड़ा व्यवस्था का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि ब्रज की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। वहीं नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि स्वच्छ मथुरा-वृंदावन का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब प्रत्येक नागरिक इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएगा। इस अवसर पर अंकित बंसल और विपुल अग्रवाल मौजूद साथ रहे।