मथुरा में करंट बना काल: हाईटेंशन लाइन से बोरिंग पाइप टकराने से 3 लोगों की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में मचा कोहराम
मथुरा । जनपद के थाना शेरगढ़ क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। घर में बोरिंग के दौरान समरसेबल पाइप के हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ जाने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल फैल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना शेरगढ़ क्षेत्र के ग्राम सिहारा में मोहन के घर पर समरसेबल बोरिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान बोरिंग में इस्तेमाल किया जा रहा लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे तेज करंट फैल गया और मौके पर मौजूद मोहन के अलावा ग्राम गांगरोल निवासी मोहन और सुल्तान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट लगने के बाद तीनों लोग बुरी तरह धू धू कर के जिंदा जल गए।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का आरोप है कि क्षेत्रीय अवर अभियंता एवं विद्युत विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कार्य के दौरान शटडाउन लिया गया था, इसके बावजूद लाइन को चालू कर दिया गया। कुछ ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि सूचना देने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों ने फोन नहीं उठाया, जिसके बाद लोग बाइक से बिजलीघर पहुंचे और लाइन बंद कराई।
प्रधान देवजीत के पुत्र पवन राघव का आरोप है कि जब वे बिजलीघर पहुंचे तो वहां मौजूद कुछ कर्मचारी नशे की हालत में थे, जिससे समय पर कार्रवाई नहीं हो सकी। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना शेरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और ग्रामीण विद्युत विभाग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उक्त घटना सांय 6 बजे के आसपास की बताई जाती है।