वृंदावन में ब्रज हेरिटेज फेस्ट 2026 का भव्य समापन, पुरस्कार वितरण समारोह में उमड़ा जनसैलाब

मुख्य अतिथि रहीं सांसद एवं अभिनेत्री हेमा मालिनी

मथुरा। वृंदावन स्थित ब्रज हेरिटेज फेस्ट 2026 के पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन बड़े उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। 12 दिवसीय इस आयोजन में 45 से अधिक विद्यालयों के लगभग 7,000 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में चित्रकला, संगीत, नृत्य, वाद-विवाद, नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ब्रज की संस्कृति, कला और विरासत को नई पीढ़ी के माध्यम से आगे बढ़ाना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने युवाओं से सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात कर देश की समृद्ध परंपरा को संरक्षित रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के आयोजकों द्वारा बताया गया कि इस महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देना है। समारोह में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान वृंदावन में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।