मथुरा। सनसनीखेज अपहरण कांड का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए 5 माह के मासूम को सकुशल बरामद कर लिया। थाना हाईवे पुलिस व साइबर/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मध्यप्रदेश के मुरैना से एक युवक व एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने रेलवे स्टेशन के बाहर से बच्चे का अपहरण किया था।
पुलिस के अनुसार 11 सितम्बर की सुबह करीब 7:10 बजे ग्राम बसईया (मुरैना) स्थित मंदिर के पास से अभियुक्त संजीव निवासी जरेरूआ थाना नूराबाद व एक महिला को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से अपहृत 5 माह का शिशु सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
घटना के खुलासे में सामने आया कि महिला की शादी वर्ष 2018 में हुई थी, लेकिन संतान न होने के कारण वह पारिवारिक प्रताड़ना झेल रही थी। इसी दौरान वह सहअभियुक्त संजीव के साथ लिव-इन में रहने लगी। दोनों 5 सितम्बर को मथुरा घूमने आए थे और रेलवे स्टेशन के आसपास ठहरे हुए थे। बताया गया कि किसी साधु द्वारा संतान योग बताने के बाद दोनों ने बच्चा चुराने की साजिश रची।
8 सितम्बर को मथुरा रेलवे स्टेशन गेट नंबर-2 के बाहर सो रहे दंपति के पास से 5 माह के बच्चे को उठाकर दोनों मुरैना ले गए। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का पीछा करते हुए उन्हें दबोच लिया और मासूम को सुरक्षित बरामद कर लिया।
इस संबंध में थाना हाईवे पर मुकदमा संख्या 873/2026 धारा 137(2)/61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार राठी, उपनिरीक्षक आनन्द सिंह, प्रदीप कुमार, आशीष मलिक समेत साइबर व सर्विलांस टीम के अन्य कर्मियों की अहम भूमिका रही।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.