राजस्थान से मथुरा लाई जा रही 1000 किलो संदिग्ध पनीर की बड़ी खेप पकड़ी , मौके पर किया नष्ट

मथुरा। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान बॉर्डर से आ रही एक बोलेरो पिकअप को नंदगांव रोड स्थित जिंदल पुलिस चौकी के पास थाना कोसीकलां क्षेत्र में रोककर जांच की।

जांच खाद्य सचलदल के नेतृत्व में डा. जतिन कुमार सिंह, सहायक आयुक्त (खाद्य) के निर्देशन तथा कमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेन्द्र सिंह, मोहर सिंह कुशवाह एवं धर्मेंद्र भी शामिल रहे।

वाहन चालक/मालिक अमर सिंह द्वारा बताया गया कि कमा राजस्थान स्थित एक पनीर निर्माण डेयरी से लगभग 1000 किलोग्राम पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रुपये है, बिक्री हेतु लाया जा रहा था। लेकिन कारोबारकर्ता द्वारा पनीर के क्रय-विक्रय से संबंधित कोई भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

अभिलेख न मिलने एवं भंडारित पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने के आधार पर विभागीय टीम ने मौके से पनीर के दो नमूने जांच हेतु राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए। साथ ही जनहित को देखते हुए लगभग 1000 किलोग्राम संदिग्ध, अस्वच्छ एवं दूषित पनीर को तत्काल प्रभाव से विनष्ट करा दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।