शिक्षक दिवस पर डायट मथुरा में गूंजा गुरुजनों का सम्मान, उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षक हुए सम्मानित
मथुरा । शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतनकीर्ति की अध्यक्षता में डायट मथुरा के नवीन सभागार में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने वाले प्रधानाध्यापकों, डायट प्रवक्ताओं, जिला समन्वयकों, SRG एवं ARP को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए भावभीनी बधाई देते हुए सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान जनपद के प्रत्येक विकासखंड से सर्वाधिक छात्र नामांकन कराने वाले प्रथम पांच-पांच विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। परिषदीय विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने तथा आउट ऑफ स्कूल बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में इन प्रधानाध्यापकों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की गई। इसके अलावा, बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों और नवाचारों में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले डायट प्रवक्ताओं, जिला समन्वयकों, SRG (स्टेट रिसोResource ग्रुप) और ARP (एकेडमिक रिसोर्स पर्सन) को भी सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान गोरखपुर में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) नवीन सभागार में उपस्थित शिक्षकों और अधिकारियों को दिखाया गया। इसके माध्यम से प्रदेश भर में शिक्षकों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों और आधुनिक नवाचारों की जानकारी साझा की गई, जिसे देखकर उपस्थित शिक्षकों ने प्रेरणा ली।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतनकीर्ति ने सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शत-प्रतिशत नामांकन विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। शिक्षक राष्ट्र और समाज के निर्माण में रीढ़ की हड्डी के समान हैं। उनके समर्पण, नवाचार और सकारात्मक सोच से ही विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण का निर्माण संभव है। समारोह में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए प्रधानाध्यापक, शिक्षक, डायट प्रवक्ता, जिला समन्वयक, SRG, ARP तथा बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।