रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ा तोहफा: UP रोडवेज बसों में महिलाओं और एक सहयात्री के लिए सफर होगा बिल्कुल फ्री
लखनऊ। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर योगी सरकार ने प्रदेश की महिलाओं को एक बड़ा उपहार दिया है। शासन स्तर पर लिए गए निर्णय के अनुसार उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपी रोडवेज) की समस्त बसों में सभी महिलाओं को अपने एक सहयात्री के साथ निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन की विशेष सचिव उमा द्विवेदी ने परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को आदेश जारी कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ।

शासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक यह निःशुल्क यात्रा सुविधा 27 अगस्त 2026 की प्रातः 06:00 बजे से प्रारंभ होकर 29 अगस्त 2026 की मध्य रात्रि 12:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस समयावधि के दौरान बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं एवं उनके साथ मौजूद एक सहयात्री से कोई किराया नहीं लिया जाएगा।