मथुरा । ब्रज संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सावन के अंतिम सोमवार को ठाकुर राधा रमण मंदिर, गढ़ी हयातपुर परिसर में आयोजित समारोह में ‘ब्रज लोक रस’ पुस्तक का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में मंदिर प्रबंध समिति के सचिव और वरिष्ठ अधिवक्ता ओपी उपाध्याय ने पुस्तक का विमोचन किया।
पुस्तक के लेखक ओमप्रकाश डागुर ब्रज क्षेत्र में लोक गायक और संगीताचार्य के रूप में पहचान रखते हैं। उन्हें वर्ष 2024 में ब्रज गौरव रत्न और 2025 में लोक कला मर्मज्ञ सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। डागुर को विभिन्न जनप्रतिनिधियों और ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा भी सम्मान मिला है। उन्होंने इस पुस्तक में ब्रज की पारंपरिक लोक गाथाओं को शोध और समर्पण के साथ संकलित किया है।
समारोह की अध्यक्षता पूर्व कानूनगो ओमप्रकाश सारस्वत ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व शिक्षा अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश सारस्वत ने कहा कि यह पुस्तक ब्रज की लोक परंपराओं को संरक्षित करने का सराहनीय प्रयास है और आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण धरोहर साबित होगी। उन्होंने कहा कि ब्रज की संस्कृति का हर पहलू लोक कथाओं और परंपराओं से जुड़ा हुआ है।
लेखक ओमप्रकाश डागुर ने बताया कि पुस्तक में लोक गाथाओं को उनके मूल स्वरूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है, ताकि पाठक ब्रज की वास्तविक सांस्कृतिक धारा को समझ सकें और उसका अनुभव कर सकें।
कार्यक्रम का संचालन कुलदीप सारस्वत, कुलसचिव शुभम यूनिवर्सिटी ने किया। इस अवसर पर रामबाबू व्यास, मोहित उपाध्याय, राहुल सारस्वत एडवोकेट, विष्णु परमार सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और विद्वान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को पुस्तक की प्रतियां वितरित की गईं और लेखक को सम्मानित किया गया। समारोह में मंदिर के सेवायत पुजारी महेशानंद महाराज का विशेष सहयोग रहा।