मथुरा। जनपद के पुलिस कार्यालय में गुरुवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कम्प मच गया। घटना सुबह करीब 9 बजे की है, जब पुलिस ऑफिस के प्रथम तल पर बने एक कमरे में लगे एसी में शॉर्ट सर्किट हो गया।
शॉर्ट सर्किट के कारण एसी के पास रखे कार्डबोर्ड में आग लग गई, जिससे कमरे में धुआं भर गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर शीघ्र ही काबू पा लिया।
घटना के बाद पूरे परिसर का निरीक्षण किया गया। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट ही माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और न ही सरकारी संपत्ति को कोई नुकसान पहुंचा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया जिससे बड़ा हादसा टल गया।