मथुरा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस वर्ष ‘इस स्वतंत्रता दिवस–न गुब्बारे, न प्लास्टिक सजावट’ अभियान के तहत मथुरा के विभिन्न विद्यालयों ने पर्यावरण अनुकूल तरीके से आयोजन किए। प्रोजेक्ट मथुरा की पहल पर शुरू हुए इस अभियान को जिला प्रशासन एवं नगर निगम मथुरा-वृंदावन के सहयोग से व्यापक रूप दिया गया।
जिलाधिकारी द्वारा 11 अगस्त 2026 को जनपद के स्कूलों, कॉलेजों एवं संस्थानों के लिए पर्यावरण अनुकूल स्वतंत्रता दिवस मनाने के संबंध में निर्देश जारी किए गए। नगर आयुक्त ओजस्वी राज एवं प्रोजेक्ट मथुरा के संस्थापक सीए विपुल अग्रवाल ने वीडियो संदेश के माध्यम से भी लोगों से प्लास्टिक एवं गुब्बारों के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की।
अभियान में कान्हा माखन मिलेनियम स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल, सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, ज्ञान दीप शिक्षा भारती, पार्वती राधाकृष्णन स्कूल, माउंट हिल स्कॉलर्स अकादमी गोकुल तथा कान्हा माखन पब्लिक स्कूल ने सहभागिता की। विद्यालयों में गुब्बारों और प्लास्टिक सजावट के स्थान पर कपड़े, कागज तथा पुनः उपयोग योग्य सामग्री से सजावट की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि गुब्बारों और प्लास्टिक के छोटे टुकड़े पक्षियों एवं पशुओं के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। विद्यार्थियों ने स्वच्छता एवं जिम्मेदार नागरिक व्यवहार की प्रतिज्ञा भी ली।
यह गतिविधि ‘क्लाइमेट पर चर्चा 3.0’ के तहत विद्यालयों को दिए गए कार्यों का हिस्सा रही। अभियान का अगला चरण सितंबर के अंतिम सप्ताह में नगर निगम मथुरा-वृंदावन एवं प्रोजेक्ट मथुरा द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। नगर निगम मथुरा-वृंदावन एवं ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कार्यालयों में भी प्लास्टिक मुक्त एवं पर्यावरण अनुकूल सजावट को प्राथमिकता दी गई।
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि इस पहल को केवल स्वतंत्रता दिवस तक सीमित नहीं रखा जाएगा। जन्माष्टमी सहित अन्य त्योहारों एवं सार्वजनिक आयोजनों में भी गुब्बारों और प्लास्टिक सजावट के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा दिया जाएगा।
प्रोजेक्ट मथुरा के संस्थापक सीए विपुल अग्रवाल ने कहा कि यह पहल कचरा न्यूनीकरण, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रयास है। प्रशासन के सहयोग से आगे भी ईको-फ्रेंडली सेलिब्रेशन एवं स्वच्छ ब्रज की दिशा में कार्य जारी रहेगा।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.