वृंदावन । देश के जाने-माने चित्रकार एवं पद्मश्री सम्मानित कृष्ण कन्हाई ने अपनी तीन देशों की विदेश यात्रा के दौरान मैक्सिको में भारत के राजदूत डॉ. पंकज शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर कृष्ण कन्हाई जी ने डॉ. पंकज शर्मा को अपनी कॉफी टेबल बुक भेंट की तथा वृंदावन का प्रसाद प्रदान किया। राजदूत डॉ. पंकज शर्मा ने अत्यंत उत्सुकता के साथ कृष्ण कन्हाई की कलाकृतियों का अवलोकन किया और उनकी चित्रकला की सराहना की।
डॉ. पंकज शर्मा ने बताया कि कुछ समय पूर्व मैक्सिको सिटी में “अपने राम” नाम से एक चित्र प्रदर्शनी आयोजित हुई थी। कृष्ण कन्हाई के चित्रों को देखने के बाद उन्होंने सुझाव दिया कि “विश्व के कृष्ण” अथवा अन्य कोई आध्यात्मिक नाम पर आधारित चित्रों की प्रदर्शनी मैक्सिको सिटी में आयोजित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनी भारतीय कला एवं संस्कृति को मैक्सिको में और अधिक व्यापक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
डॉ. पंकज शर्मा मैक्सिको में भारत के राजदूत नियुक्त होने से पूर्व लगभग दस देशों में भारत के राजदूत रह चुके हैं। वे भारतीय कला, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं के विशेष प्रेमी माने जाते हैं। इस मुलाकात के दौरान कृष्ण कन्हाई के मित्र एवं भारतीय मूल के मैक्सिको निवासी मानक चंद बैद भी उपस्थित रहे।भारत और मैक्सिको के बीच कला एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में यह भेंट महत्वपूर्ण मानी जा रही है।