मथुरा । जिले के स्वतंत्र विद्यालयों के हितों और शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मथुरा इंडिपेंडेंट स्कूल एसोसिएशन (मीसा) अब नेशनल इंडिपेंडेंट स्कूल अलायंस (नीसा) से संबद्ध हो गया है। इस अवसर पर नीसा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. कुलभूषण शर्मा के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने मीसा पदाधिकारियों के साथ बैठक कर भविष्य की रणनीति पर चर्चा की। मीसा अध्यक्ष निशांत शर्मा ने डॉ. कुलभूषण शर्मा का स्वागत करते हुए कहा कि नीसा से जुड़ाव मथुरा के विद्यालयों को नई दिशा और व्यापक पहचान देगा। उन्होंने कहा कि मीसा लगातार विद्यालयों से जुड़े मुद्दों को प्रशासन और संबंधित शिक्षा बोर्डों के समक्ष मजबूती से उठाती रही है और आगे भी किसी विद्यालय के साथ अन्याय या उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।
नीसा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. कुलभूषण शर्मा ने बताया कि नेशनल इंडिपेंडेंट स्कूल अलायंस देशभर के एक लाख से अधिक विद्यालयों का संगठन है, जो शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और स्वतंत्र विद्यालयों के अधिकारों के संरक्षण के लिए कार्यरत है। उन्होंने कहा कि अब नीसा और मीसा मिलकर मथुरा के विद्यालयों के विकास, सशक्तीकरण और समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के समन्वयक शैलेंद्र सिंह गरेवाल ने इस जुड़ाव को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे जिले के विद्यालयों को नई ऊर्जा मिलेगी और शैक्षिक स्तर में सुधार होगा।
इस दौरान मीसा के पदाधिकारियों और विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। इनमें रियल इंटरनेशनल स्कूल से पुनीत प्रजापति, संस्कार पब्लिक स्कूल से आकाश सिंघल, सिम्बायोसिस स्कूल से अमरजीत सिंह, सेंट पॉल्स स्कूल से विन्सेंट पॉल, एमएस ग्लोबल स्कूल से विपिन चौधरी, बाबा पातीराम स्कूल से शैलेंद्र सिंह तथा कुलदीपक स्कूल से दुष्यंत शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। मीसा और नीसा का यह जुड़ाव मथुरा के स्वतंत्र विद्यालयों को राष्ट्रीय स्तर पर एक सशक्त मंच प्रदान करेगा और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।