मथुरा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने गोवर्धन क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को दो स्थानों पर बुलडोजर चलाकर करीब 22 हजार वर्गमीटर में फैले अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया।
प्राधिकरण की यह कार्रवाई उपाध्यक्ष के निर्देशन और सचिव के नेतृत्व में अवर अभियंता अनिल सिंघल के साथ प्रवर्तन टीम द्वारा थाना गोवर्धन पुलिस के सहयोग से की गई। नियत समय में अवैध निर्माण न हटाने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
छटीकरा रोड से बरसाना बाईपास मार्ग पर करीब 2.50 किलोमीटर क्षेत्र में स्थित अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की गई। यहां लगभग 10 हजार वर्गमीटर भूमि पर सुरेश जोशी द्वारा अवैध रूप से सड़क बनाकर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इस संबंध में प्राधिकरण द्वारा पूर्व में वाद दर्ज कर 22 जून 2026 को ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए गए थे।
वहीं मुखराई से नगला पहलवरिया रोड पर करीब 12 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में विजय सिंह द्वारा अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां सड़क और भव्य गेट बनाकर प्लाटिंग की जा रही थी। इस प्रकरण में भी प्राधिकरण ने वाद दर्ज कर 22 जून 2026 को ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए थे।
प्राधिकरण सचिव आशीष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में संबंधित कॉलोनाइजरों को निर्धारित अवधि में स्वयं निर्माण हटाने का अवसर दिया था, लेकिन निर्देशों की अनदेखी करने पर 3 अगस्त 2026 को प्रवर्तन टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध सड़कों और प्रवेश द्वार को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनियों और बिना स्वीकृत मानचित्र के हो रहे निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी अवैध कॉलोनी में प्लाट खरीदने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें, ताकि उनकी मेहनत की कमाई सुरक्षित रह सके।