मथुरा में दिवंगत पत्रकार के परिवार को मिली आर्थिक सहायता, 1.11 लाख का ड्राफ्ट सौंपा

मथुरा। जनपद के पत्रकारों ने सराहनीय पहल करते हुए दिवंगत पत्रकार के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की। जिले के दो पत्रकार संगठनों उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन और वृंदावन प्रेस क्लब सहित कुल 68 पत्रकारों ने एकजुट होकर दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार अरुण अनु के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

पत्रकारों द्वारा उनकी पत्नी को 1,11,556 रुपये की आर्थिक सहायता राशि का डिमांड ड्राफ्ट सौंपा गया। साथ ही परिजनों को आश्वस्त किया गया कि भविष्य में भी जनपद के सभी पत्रकार उनके सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहेंगे। इस दौरान दिवंगत पत्रकार की पत्नी पुष्पा ठाकुर ने भावुक होते हुए सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज ने कहा कि यह सहयोग राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि पत्रकार परिवार की एकजुटता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।

कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और भरोसा दिलाया कि पत्रकार समाज हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा।

इस दौरान उमर कुरैशी, अजय शर्मा, परवेज अहमद, अनेक सिंह, संजय गौड़, रमेश चंद, आरती शर्मा, पिंटू, दिनेश भारती, गौरव शर्मा, सुमित गोस्वामी, मोहन मीणा, आर के धनगर, नीरज चतुर्वेदी, रिंकू शर्मा, रवनीत मैसी, राहुल कुमार, ब्रजेश सेन सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।