वीवीएस राष्ट्रीय संगठन का अलीगढ़ में बनेगा मुख्यालय, भूमि पूजन के साथ रखी गई आधारशिला

​अलीगढ़ । राष्ट्रव्यापी सामाजिक सेवा के उद्देश्य से कार्यरत वीवीएस राष्ट्रीय संगठन ने अलीगढ़ को अपना नया केंद्र बनाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रविवार को शहर के सराय लवरियाअ क्षेत्र में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर संगठन के राष्ट्रीय मुख्यालय की आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारियों सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। संगठन ने स्पष्ट किया है कि अब अलीगढ़ से ही देशभर में होने वाली गतिविधियों का संचालन और विस्तार किया जाएगा।

​आधारशिला रखने के पश्चात कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय ने संगठन के आगामी लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वीवीएस का प्राथमिक उद्देश्य केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के उस अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, जो जानकारी के अभाव में अब तक इन लाभों से वंचित रहा है। संगठन इस सूचनात्मक अंतर को पाटने के लिए एक सेतु के रूप में कार्य करेगा। इस संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए संगठन ने जनसेवा केंद्रों के विस्तार को अपनी कार्ययोजना की रीढ़ माना है। अलीगढ़ से शुरू होकर अगले कुछ महीनों में देश के प्रत्येक जिले और प्रमुख शहरों में इन केंद्रों की स्थापना की जाएगी, जहां आम जनता को स्वास्थ्य, शिक्षा और कानूनी सहायता से जुड़ी बुनियादी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी।

​संगठन की योजना के अनुसार, इन केंद्रों के माध्यम से आयुष्मान भारत, टीकाकरण और सरकारी छात्रवृत्तियों के साथ-साथ डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा दिया जाएगा। इस अवसर पर संगठन मंत्री ओमकार गुप्ता किशोर गुप्ता राहुल वार्ष्णेय राजेश वार्ष्णेय राहुल नवरतन आकाश नवरतन कान्हा वार्ष्णेय बांके बिहारी वार्ष्णेय समेत सैंकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे