सीएम योगी हाथरस पहुंचे, कहा – सरकार पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुई भगदड़ की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 121 हो गयी है। मृतकों में कई महिलाएं और बच्चें भी शामिल हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में घायल हुए लोगों से बागला संयुक्त चिकित्सालय में भेंट कर उनका कुशल-क्षेम जाना। चिकित्सकों से उनके उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने कुशल चिकित्सकों के नेतृत्व में सभी का समुचित उपचार शीर्ष प्राथमिकता पर किए जाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ पीड़ितों और उनके परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने सभी घायलों की शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।

सीएम योगी ने सोशल मीड‍िया एक्‍स पर तस्‍वीर शेयर करते हुए ल‍िखा, ”हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में घायल हुए लोगों से आज अस्पताल में भेंट कर उनका कुशल-क्षेम जाना और चिकित्सकों से उनके उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कुशल चिकित्सकों के नेतृत्व में सभी का समुचित उपचार शीर्ष प्राथमिकता पर किया जा रहा है। इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ पीड़ितों और उनके परिवार के साथ खड़ी है। सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्राप्ति हो, प्रभु श्री राम से यही प्रार्थना है।”