बीएन पोद्दार स्कूल से कृष्णा पुरी की ओर जाने वाली सड़क की दिशा और दशा बदलेगी , नगर आयुक्त ने दिए आदेश
मथुरा। छावनी रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के ठीक सामने बीएन पोद्दार स्कूल से कृष्णा पुरी होकर अलीगढ़ की ओर जाने वाली मुख्य सड़क की दिशा और दशा अब सुधरने वाली है। इस सड़क का चौड़ीकरण विशेष साफ सफाई के साथ साथ स्ट्रीट लाइट लगाने के आदेश मथुरा वृंदावन के नगर आयुक्त जग प्रवेश द्वारा दिए गए हैं। मंगलवार को नगर आयुक्त द्वारा इस सड़क पर भ्रमण किया गया था। उन्होंने डलाबघर के पास जमा गंदे पानी की तत्काल निकासी के निर्देश देते हुए उस समूचे स्थान पर इंटरलॉकिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डलाबघर से प्रतिदिन सुबह 10 बजे तक पूरा कचरा उठकर साफ सफाई हो जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान रोड़ के किनारे जलभराव पाया गया । इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारी को रोड साइड जल भराव वाले स्थान पर मार्ग को इंटरलॉकिंग द्वारा चौड़ा एवं समतल कराए जाने के निर्देश दिए ताकि जलभराव की समस्या से स्थायी रूप से निजात मिल सके। उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि उक्त मार्ग की नियमित रूप से साफ़-सफ़ाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोपाल बाबू गर्ग एवं क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक सौरभ अग्रवाल सुरेश सेठी सफाई नायक आदि उपस्थित रहे। ज्ञात रहे कि इस सड़क मार्ग को महानगर की जनता और रेल यात्री बाईपास के रूप में इस्तेमाल करते हैं। इस सड़क पर गंदगी और जलभराव और रात्रि के समय अंधेरा नगर निगम की छवि को खराब कर रहा था। इसकी जानकारी जब नगर आयुक्त को मिली तो उन्होंने भ्रमण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।