मथुरा में दो अवैध कॉलोनियों पर चला MVDA का बुलडोजर

मथुरा । शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। सौख रोड क्षेत्र में विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाकर निर्माण कार्य ध्वस्त कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतुल अग्रवाल, अतुल मंगल व अन्य द्वारा अशोक पाइप फैक्ट्री के सामने लगभग 40,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में “विद्या इंडस्ट्रियल” नाम से अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इस पर उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 के तहत वाद दर्ज कर 21 मई 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश पारित किया गया था।

इसके अलावा पंकज शर्मा व अन्य द्वारा महाराजा वैशाली से आगे सलेमपुर सौख रोड पर लगभग 3000 वर्ग मीटर में सड़क व नाली बनाकर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इस मामले में भी 20 अप्रैल 2026 को ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए गए थे। निर्धारित समयावधि में अवैध निर्माण नहीं हटाए जाने पर 19 जून शुक्रवार को प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन के निर्देश पर सचिव के नेतृत्व में पुलिस बल के सहयोग से दोनों स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए।
प्राधिकरण सचिव आशीष कुमार ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।