मथुरा। विश्व पर्यावरण सप्ताह (5 से 12 जून) के अंतर्गत नगर निगम द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त जग प्रवेश के निर्देशानुसार 05 जून से 12 जून 2026 तक नगर निगम सीमा के प्रत्येक जोन में चिन्हित मलिन बस्तियों में रोस्टर के अनुसार व्यापक सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह के नेतृत्व में वार्ड संख्या 05, भरतपुर गेट स्थित मलीन बस्ती में विशेष प्लॉग रन एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान नगर निगम टीम एवं स्वच्छता कर्मचारियों द्वारा प्लास्टिक सहित अन्य कचरे को एकत्रित कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। साथ ही क्षेत्र में नालियों की सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित की गई।
इसके अतिरिक्त वार्ड संख्या 26, नया नाला क्षेत्र में भी व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, स्रोत पर कचरा पृथक्करण (सोर्स सेग्रिगेशन), प्लास्टिक मुक्त वातावरण एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
नगर निगम द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 10 जून (बुधवार) को वार्ड 01, बिजनौर गांव एवं वार्ड 29, कोयला अलीपुर (कांशीराम क्षेत्र) औरंगाबाद जोन में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। वहीं 11 जून (गुरुवार) को वार्ड 51, गौशाला नगर (डूडा फ्लैट, कांशीराम सोसाइटी) एवं वार्ड 62, रत्नछत्री (जाटव बस्ती) वृंदावन जोन में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने आमजन से अपील की है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को सफल बनाने के लिए सभी नागरिक मिलकर शहर को स्वच्छ, हरित एवं कचरा मुक्त बनाने में सहयोग करें।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.