अग्रसेन जयंती महोत्सव 8 से 15 अक्टूबर तक, पलक मुच्छल के कार्यक्रम के साथ होगा समापन

मथुरा। श्री अग्रवाल सभा (रजि.) मथुरा द्वारा आयोजित अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 का 8 दिवसीय भव्य आयोजन 8 अक्टूबर से शुरू होगा, जो 15 अक्टूबर तक विभिन्न सामाजिक, धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव का समापन बॉलीवुड गायिका पलक मुच्छल के संगीतमय कार्यक्रम के साथ होगा।
अग्रवाटिका में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्य चुनाव अधिकारी जयन्ती प्रसाद अग्रवाल, महामंत्री सुभाष अग्रवाल (सिक्का वाले) व मीडिया प्रभारी सचिन अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 8 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे सरस्वती कुण्ड स्थित अग्रवाटिका में वृद्धाश्रम की महिलाओं को वस्त्र व खाद्य सामग्री वितरण से होगा। इसके बाद सायं 5 बजे ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सृजन संस्था को सहयोग राशि प्रदान की जाएगी।
9 अक्टूबर को तिलकद्वार अग्रवाल धर्मशाला में प्रातः 10 बजे निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर तथा 11 बजे अग्रवाटिका में रक्तदान शिविर आयोजित होगा। इसी दिन दोपहर 3 बजे दिव्यांग सेवा शिविर और सायं 6 बजे यमुनापार अग्रसेन घाट पर भव्य दीपदान कार्यक्रम किया जाएगा। नेत्र शिविर का समापन श्रीजी बाबा नेत्र चिकित्सा संस्थान, गोवर्धन रोड पर होगा।
11 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे पुष्पांजलि के बाद 8:30 बजे मसानी स्थित अग्रसेन चौक से कलश यात्रा निकलेगी। इसके पश्चात तिलकद्वार धर्मशाला में ध्वजारोहण, हवन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सहभोज का आयोजन अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल व मंत्री कृष्ण मुरारी की उपस्थिति में होगा।
12 अक्टूबर को सायं 4 बजे चम्पा अग्रवाल इंटर कॉलेज से भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जो छत्ता बाजार व होलीगेट होते हुए तिलकद्वार पहुंचेगी। शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन, 18 राजकुमारों व देवी-देवताओं के स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
सभा अध्यक्ष अशोक बंसल व मेला संयोजक अंकित बंसल ने बताया कि 13, 14 व 15 अक्टूबर को बीएसए डिग्री कॉलेज मैदान में विशाल अग्रसेन मेला आयोजित होगा। पहले दिन विराट कवि सम्मेलन, दूसरे दिन महिला समिति के सांस्कृतिक कार्यक्रम व मुंबई के रॉक बैंड द्वारा भजन जैमिंग, जबकि अंतिम दिन 15 अक्टूबर को गायिका पलक मुच्छल की प्रस्तुति के साथ महोत्सव का भव्य समापन होगा।
प्रेस वार्ता में उपाध्यक्ष योगेश बंसल, संगठन मंत्री धीरज गोयल, कोषाध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, महिला समिति अध्यक्ष रेनू अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।