जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का बड़ा प्रदर्शन; नीट पेपर लीक और धांधली के विरोध में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

नई दिल्ली । ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट-2026 पेपर लीक और सीबीएसई के ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। ग्रुप के संस्थापक अभिजीत दिपके ने अमेरिका से दिल्ली पहुंचकर इस अभियान का नेतृत्व किया और छात्रों से बड़ी संख्या में जुड़ने की अपील की।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम

इस विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी रहे। सीजेपी समर्थकों और छात्रों की बढ़ती संख्या के चलते वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
अभियान के पीछे का सच

गौरतलब है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की एक टिप्पणी के जवाब में व्यंग्यात्मक रूप से हुई थी, जिसे अब एक संगठित अभियान का स्वरूप दे दिया गया है। ऑनलाइन फॉलोअर्स की बड़ी संख्या के साथ यह ग्रुप अब शैक्षिक और प्रशासनिक सुधारों की मांग को लेकर मुखर हो चुका है। नीट-2026 की कथित धांधली ने इस आंदोलन को एक नई गंभीरता और बड़ा राजनीतिक मंच प्रदान कर दिया है।