मथुरा वृंदावन की सड़कों पर मेट्रो सिटी की तरह चमकते नजर आएंगे होडिंग, यूनीपोल और एलईडी
मथुरा । भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीला स्थली मथुरा वृंदावन की सड़कों की शक्ल बिगाड़ रहे अव्यवस्थित होडिंग और यूनीपोल अब नजर नहीं आएंगी। नगर आयुक्त शशांक चौधरी ने मेट्रो सिटी के पैटर्न पर प्रचार के लिए एलईडी और लाइटिंग पोल लगाने का निर्णय लिया है, जो तय स्थानों पर ही नजर आएंगे।
मथुरा वृंदावन नगर निगम क्षेत्र में होडिंग और यूनीपोल का खेल बहुत पुराना है। बड़ी संख्या में अवैध यूनीपोल सड़कों पर लगा दिए जाते हैं। प्रचार एजेंसियों की सांठगांठ से यह अव्यवस्थित यूनीपोल और होडिंग शहर की शक्ल भी बिगड़ते हैं। नगर आयुक्त ने राजस्व चोरी के साथ शहर की छवि के प्रभावित करने वाले होडिंग और यूनीपोल को हटाकर इन्हे मेट्रो सिटी पैटर्न पर लगवाने का फैसला किया है। इसके तहत मथुरा वृंदावन में 10 स्थानों पर एलईडी लगाई जाएंगी, जबकि अन्य 74 स्थानों पर लाइटिंग वाले विशेष डिजायन में यूनीपोल लगवाए जाएंगे। इसमें 26 स्थानों के लिए एजेंसी भी तय कर दी गई है। नगर आयुक्त शशांक चौधरी ने बताया कि इस नई व्यवस्था के साथ अवैध होडिंग को रोकने के लिए क्यूआर कोड की व्यवस्था की जाएगी। इससे कोई भी नगर निगम का कर्मचारी पता लगा सकेगा कि अमुक अवैध होडिंग है।