मथुरा। सदर तहसील परिसर में सोमवार दोपहर एक फाइल को लेकर नायब तहसीलदार और एक अधिवक्ता के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घटना से तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही अधिवक्ता वहां से चले गए। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
जानकारी के अनुसार अड़ींग निवासी अधिवक्ता दीपचंद यादव किसी कार्य से सदर तहसील पहुंचे थे। इसी दौरान वृंदावन सर्किल का कार्य देख रहे नायब तहसीलदार प्रशांत कुमार से एक फाइल को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले। अचानक हुई इस घटना से तहसील परिसर में मौजूद फरियादियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही अधिवक्ता वहां से निकल गए। इसके बाद नायब तहसीलदार प्रशांत कुमार ने एसडीएम सदर आदेश कुमार को शिकायत पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
बताया जाता है कि घटना की जानकारी मिलने पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई गई, जिसके बाद विवाद का निपटारा हो गया और समझौता कर लिया गया।
फिलहाल मामले को लेकर तहसील परिसर में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.