बरेली में युवा उद्योग व्यापार मंडल का भव्य शपथ ग्रहण, ऑनलाइन व्यापार के विरोध में उठी आवाज

बरेली। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के युवा प्रकोष्ठ का भव्य शपथ ग्रहण समारोह एवं प्रशिक्षण वर्ग रविवार को स्पर्श होटल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधियों एवं संगठन पदाधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड, भारत सरकार के चेयरमैन सुनील सिंधी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (वन एवं पर्यावरण) अरुण असीम, बरेली विधायक संजीव अग्रवाल, राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य राजेंद्र गुप्ता एवं सुनील पांडे उपस्थित रहे। वहीं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने कार्यक्रम में मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते प्रभाव से पारंपरिक व्यापार पर पड़ रहे नकारात्मक असर को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। उपस्थित व्यापारियों ने एक स्वर में केंद्र सरकार से ऑनलाइन व्यापार पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा के नेतृत्व में एक ज्ञापन राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन सुनील सिंधी को भारत सरकार के लिए सौंपा गया।

कार्यक्रम में मथुरा जनपद से भी बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल (मांट), युवा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सोनी, जिलाध्यक्ष मुकेश बंसल, प्रदेश संगठन मंत्री नंदकिशोर गुसाईं, युवा महानगर अध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी, युवा जिलाध्यक्ष शशांक शर्मा मोहन सहित अन्य पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन संगठन को सशक्त बनाने एवं व्यापारी हितों की रक्षा के संकल्प के साथ किया गया।