मथुरा लोकसभा चुनाव : ‘समस्या का समाधान नहीं… तो वोट नहीं’, मुखराई और कोहनई नगला तुलसी गाँव में मतदान का बहिष्कार
गोवर्धन। सड़क, पानी, तहसील में गाँव को शामिल करने एवं स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान न हो पाने से नाराज मुखराई और कोहनई गाँव की जनता ने लोकसभा चुनाव में मतदान करने का बहिष्कार कर दिया। नौ बजे तक मुखराई गाँव में एक भी वोट नहीं पड़ा, वहीं कोहनई गाँव में केवल पाँच वोट ही पड़े। ग्रामीणों ने कहा की जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा तब तक वोट नहीं डालेंगे।
एक और जिला प्रशासन वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने पर नए-नए नवाचार कर रहा है लेकिन दूसरी और लोग मतदान का बहिष्कार कर रहे हैं। स्थानीय समस्याओं को लेकर गोवर्धन के गाँव मुखराई और कोहनई गाँव के लोगों ने पंचायत कर मतदान के बहिष्कार की घोषणा की गई थीं लेकिन समय रहते प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने सुध नहीं ली जिससे लोगों की खासी नाराजगी देखी गई।
मुखराई गाँव के ग्रामीणों ने बताया कि मुखराई गाँव की तीन प्रमुख समस्या हैं अडीग से मुखराई और मुखराई से डीएवी इंटर कॉलेज तक सड़क निर्माण कार्य और मुखराई गाँव को तहसील और व्लॉक में जोड़ने आदि बुनियादी समस्याओं से गाँव के लोग परेशान हैं प्रशासन और जनप्रतिनिधि ने ग्रामीणों की समस्या हल कराने में रूचि नहीं दिखाई जबकि गाँव में 2200 मतदाता है और मतदान न करने का फैसला लिया गया है क्योंकि ज़ब जनप्रतिनिधि गाँव में विकास नहीं कराते तो उनके लिए मतदान क्यों करें।
वहीं कोहनई गाँव से जुलहेंदी तक और दूसरी और कुंजेरा तक और तीसरी तरफ पेलखू तक सड़क निर्माण न होने और गाँव को तहसील में न जोड़ने से नाराज ग्रामीणों ने मतदान करने से बहिष्कार कर दिया वहीं 9 बजे तक भाजपा के एक परिवार की केबल पाँच वोट डले हैं।
इस बीच मथुरा लोकसभा क्षेत्र के बलदेव विधानसभा क्षेत्र के कारव के समीप स्थित गांव नगला तुलसी से मतदान के बहिष्कार की ख़बर है।
मतदान के बहिष्कार की सूचना से जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। नगल तुलसी में करीब 500 मतदाता हैं जो अपने यहां की समस्याओं से काफी दु:खी हैं। इसलिए उन्होंने मतदान के बहिष्कार का निर्णय लिया है और अभी तक किसी ने भी वोट नहीं डाला है। इस सूचना से हरकत में आए प्रशासनिक अधिकारी मतदाताओं को मनाने के लिए मतदान केंद्र की दौड़ लगाने लगे हैं।