चारधाम यात्रा में VIP दर्शन अब महंगे, ₹1100 शुल्क लागू

भीड़ नियंत्रण और सुचारु व्यवस्था के लिए मंदिर समिति का बड़ा फैसला, 29 मई से नई व्यवस्था लागू

बदरीनाथ/केदारनाथ । चारधाम यात्रा में उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने वीआईपी (प्रोटोकॉल) दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब प्रोटोकॉल के तहत दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को ₹1100 प्रति व्यक्ति शुल्क देना अनिवार्य होगा। इस संबंध में मंदिर समिति द्वारा कार्यालय आदेश जारी कर संशोधित मानक प्रचालन प्रक्रिया लागू कर दी गई है। जारी आदेश के अनुसार, राज्य सरकार से प्राप्त प्रोटोकॉल सूची के आधार पर ही वीआईपी श्रद्धालुओं को प्राथमिकता के साथ सुगम दर्शन कराया जाएगा। साथ ही इस सुविधा के लिए निर्धारित शुल्क की रसीद जारी की जाएगी, जिससे व्यवस्था में पारदर्शिता लाई जा सके।

व्यवस्था में किए गए प्रमुख बदलाव:
मंदिर समिति ने दर्शन व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। 70 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं, दिव्यांगजनों और अधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर सख्ती बरती जाएगी। वहीं प्रोटोकॉल कार्यालय को अब मंदिर समिति के नियंत्रण में स्थानांतरित कर दिया गया है।
VIP श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में अलग प्रवेश मार्ग निर्धारित किया गया है, जिससे आम श्रद्धालुओं की भीड़ पर असर न पड़े। राज्य अतिथियों एवं उनके परिवार को निर्धारित सहयोग राशि में छूट देने का भी प्रावधान किया गया है।

प्रशासन और सेना का रहेगा सहयोग:
नई व्यवस्था के तहत जिला प्रशासन, संबंधित विभागों और भारतीय सेना के समन्वय से दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग लिया जाएगा। मंदिर समिति ने स्पष्ट किया है कि यह नई व्यवस्था 29 मई 2026 से प्रभावी हो चुकी है और सभी संबंधित अधिकारियों को इसके सख्ती से पालन के निर्देश दिए गए हैं। इस फैसले से जहां आम श्रद्धालुओं को दर्शन में राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं VIP दर्शन अब पूरी तरह शुल्क आधारित होने से व्यवस्था अधिक पारदर्शी और नियंत्रित होगी।