मथुरा । आज सुबह अहले हदीस मस्जिद में ईद उल फितर की नमाज़ अदा की गई जिसमें आपसी भाईचारे व सामाजिक सौहार्द के माहौल में एखलास व एहतराम के साथ गुरुवार को ईद का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। शाही ईदगाह,जामा मस्जिद से लेकर अलग-अलग इलाकों की सैकड़ों मस्जिदों में ईद की नमाज अदा कर लोगों ने एक दूसरे को बधाई दी। सुबह से ही लोग नए-नए कपड़े पहनकर अपने-अपने इलाके की मस्जिद की ओर नमाज अदा करने के लिए पहुंचने लगे थे।
ईद-उल-फितर के मौके पर मुसलमान भाइयों ने ख़ुसू व खुजू के साथ नूरानी माहौल में ईदगाहों व मस्जिदों में ईद-उल-फितर की नमाज अदा करते हुए खुदा का शुक्र अदा किया और देश के लिए दुआएं मांगी। इस अवसर पर बच्चे से बूढ़े तक सभी नये कपड़े व रंगबिरंगी टोपियों में सजे हुए अपने शहर से लेकर गांव की ईदगाह में नमाज के बाद एक दूसरे के गले मिलकर ईद की बधाई दी। इस अवसर पर नमाजियों की काफी भीड़ देखी गई। कई ईदगाह व मस्जिदें नमाजियों की भीड़ के सामने छोटी पड़ गई। नमाज के बाद सामूहिक रूप से खैर व आफियत, अपने गुनाहों से माफी, जहन्नुम से बचाव तथा आपसी भाईचारे व सामाजिक सौहार्द तथा विश्व शांति के लिए सामूहिक दुआ की गई।
हाजी मोहम्मद यामीन ने कहा कि आज ईद के मौके पर हम अहले हदीस मस्जिद पर इकट्ठा हुए। पुलिस के मुताबिक, ईद के मौके पर उन्होंने सुरक्षा के व्यापक इंतेजाम किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार ने कहा कि हमने जिले भर में सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। सभी इलाकों में शांति बनाए रखने के लिए हमेशा की ही तरह अमन समिति की बैठक की गई है।