नौझील ब्लॉक को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिलना मथुरा के लिए गौरव की बात, मांट की नंबर वन पसंद बने राजेश चौधरी

मथुरा। कहते हैं सच्चे मन से धरातल पर जन सेवा करने वालों को जनता ही नहीं भगवान का भी पूर्ण आशीर्वाद प्राप्त होता है । ऐसा कार्य मांट क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधायक राजेश चौधरी ने कर दिखाया है। एक और जहां मांट क्षेत्र की जनता ने उनको अपना प्रतिनिधि चुनकर विधायक बनाया है वही राजेश चौधरी के निर्देशन में उनकी धर्मपत्नी सुमन चौधरी ने दूसरी बार प्रमुख रहते हुए नौहझील ब्लॉक क्षेत्र में सर्वोत्तम कार्य कर दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार प्राप्त कर गौरव हासिल किया है । मथुरा जनपद के लिए यह बहुत बड़े शान की बात मानी जा रही है। अब कहा जा सकता है कि वह मांट तहसील के लिए विकास पुरुष बनते जा रहे हैं।

एक बार फिर क्षेत्र पंचायत नौहझील ने देश भर में प्रधानमंत्री अवार्ड के लिए पहला स्थान पाकर जनपद को गौरवान्वित किया है। विभिन्न सरकारी एजेंसियों द्वारा किए गए सर्वेक्षणों के आधार पर क्षेत्र पंचायत नौहझील को भारत सरकार के विकास के मानकों पर खरा पाया गया जिसके चलते प्रदेश सरकार के बाद भारत सरकार ने भी नौहझील क्षेत्र पंचायत को अव्वल घोषित किया है। अव्वल आने पर 25 लाख रु का पुरूस्कार घोषित किया गया है।
सन 2017-18 में ब्लाक प्रमुख सुमन राजेश चौधरी की कार्यप्रणाली के चलते क्षेत्र पंचायत नौहझील को प्रधानमंत्री अवार्ड मिल चुका है । अवार्ड के बाद ब्लाक प्रमुख के अंदर काम करने का जज्बा और बढ़ता चला गया और पुनः एक बार उन्होंने अपनी दूरदर्शिता और विकासवादी सोच के चलते पुन: यह अवार्ड हासिल किया है। बताते चलें कि ब्लाक प्रमुख सुमन राजेश चौधरी ने अपने पहले और अब दूसरे कार्यकाल में बिना किसी भेदभाव के क्षेत्र का चहुँमुखी विकास कराया। प्रमुख निधि के अतिरिक्त भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों से एवं सीएसआर फंड आदि निधियों से क्षेत्र पंचायत नौहझील ही नहीं अपितु मांट तहसील के हर गांव तक विकास की किरण पहुंचाई। जिन गांव के रास्ते बदहाल थे वहां इंटरलॉकिंग सड़कें और विभिन्न तिराहे और चौराहों पर हाई मास्क लाइट लगाकर चारों ओर उजाला किया। इसके अतिरिक्त नौहझील,शल्ल, सदीकपुर आदि गांवों में अंत्येष्टि स्थल बनवा कर बहुत बड़ी समस्या का समाधान किया।
ब्लाक प्रमुख सुमन राजेश चौधरी का पर्यावरण प्रेम जगजाहिर है, उन्होंने कई वर्ष हजारों किसानों को फलदार पौधे देकर प्रकृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों को आय बढ़ाने के तरीके भी बताए। इसी तरह उन्होंने किसान, व्यापारी, आम आदमी के अतिरिक्त युवाओं का भी खूब ध्यान रखा। युवाओं के लिए समय-समय पर खेलकूद प्रतियोगिताएं कराई और महिलाओं के लिए भी अनेक कार्य किए। शिक्षा के क्षेत्र में अलख जगाते हुए उन्होंने ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल इनायतगढ़, प्राथमिक विद्यालय तुलागढ़ी एवं नवीपुर में इन विद्यालयों का कायाकल्प किया। ब्लाक प्रमुख सुमन राजेश चौधरी ने बताया कि पूर्व में प्राप्त अवार्ड में उन्हें 25 लाख रुपए की धनराशि प्राप्त हुई थी जिसका उन्होंने क्षेत्र के विकास में सदुपयोग किया। इस बार भी वह शेष कार्यों को पूर्ण करने में पुरस्कार से प्राप्त होने वाली निधि को इस्तेमाल करेंगी। 24 अप्रैल को ब्लाक प्रमुख को भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री नई दिल्ली में इस अवार्ड से सम्मानित करेंगे। ब्लाक प्रमुख सुमन चौधरी के पति मांट विधायक राजेश चौधरी ने कहा कि सुमन चौधरी सदैव क्षेत्र के विकास को लेकर चिंतनशील रहती हैं। भाजपा जैसी अनुशासित पार्टी की वह निष्ठावान कार्यकर्ता हैं और पार्टी के एजेंडे के आधार पर ही वह विकास कार्यों को अंजाम दे रही हैं। यह अवार्ड मिलना निश्चित रूप से भाजपा और क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है। उन्होंने अपने इलाके में व्याप्त पेयजल समस्या पर काफी नियंत्रण किया है।