मथुरा में अवैध कॉलोनी पर विप्रा की बड़ी कार्रवाई , निर्माण ध्वस्त

मथुरा । विकास प्राधिकरण द्वारा अवैध रूप से विकसित की जा रही एक कॉलोनी पर सख्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार को बड़े स्तर पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई गंगा फार्म, गंगा सिटी (गंगा वैली), काशी राम रोड टाउनशिप, लक्ष्मीनगर तहसील महावन गोपालपुर के पीछे स्थित करीब 30,000 वर्ग मीटर भूमि पर की गई।

बताया गया कि उक्त भूमि पर बिना स्वीकृत मानचित्र के भू-विभाजन कर सड़क, नाली और कार्यालय का निर्माण किया जा रहा था, जो उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 का उल्लंघन है। इस संबंध में वाद संख्या MTDA/Z3/ANI/2025/0000636 दर्ज किया गया था, जिसके तहत 28 अगस्त 2025 को ध्वस्तीकरण का आदेश पारित किया गया।

इसके अनुपालन में 28 नवंबर 2025 को भी पुलिस बल के साथ कार्रवाई करते हुए अवैध कॉलोनी में बनी सड़क, नाली, प्लॉटों की बाउंड्रीवाल आदि को ध्वस्त किया गया था। इसके बावजूद कॉलोनाइज़र द्वारा दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया।
प्राधिकरण को पुनः सूचना मिलने पर मंगलवार 26 मई को उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन के निर्देश पर सचिव आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाई जा रही प्लिंथ, बाउंड्रीवाल, गेट, सड़क और नालियों को फिर से ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में सहायक अभियंता सुमित कुमार, अवर अभियंता अनिल सिंघल, सुनील कुमार राजौरिया सहित प्रवर्तन दल मौजूद रहा।
प्राधिकरण सचिव ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।