गोवर्धन में 47 लाख की लागत से तीन रास्तों का निर्माण शुरू, चेयरमैन ने किया भूमि पूजन

गोवर्धन।
नगर पंचायत गोवर्धन में क्षेत्रीय विकास को गति देते हुए तीन महत्वपूर्ण गलियों के आरसीसी निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। नगर पंचायत चेयरमैन प्रभा देवी शर्मा ने सोमवार सुबह मथुरा रोड स्थित श्याम एग्रो वाली गली में मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कर कार्य की शुरुआत की।
इस योजना के अंतर्गत जतीपुरा की टंकी गली, आन्यौर के मनीपुरा मोहल्ला तथा मथुरा रोड के निकट स्थित गली में पक्के रास्तों का निर्माण कराया जाएगा। चेयरमैन प्रभा देवी शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों की सुविधाएं उनकी प्राथमिकता हैं और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
भूमि पूजन के उपरांत स्थानीय वरिष्ठ नागरिक लच्छी सैनी ने नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ किया। चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष लम्बरदार ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत करीब 47 लाख रुपये की लागत से इन तीनों मार्गों का निर्माण कराया जाएगा।
इस मौके पर सभासद मुकुट सैनी, रूपकिशोर सैनी, सुरेंद्र गुप्ता (बिरजो), भाजपा नेता सत्येंद्र चौधरी, राजेंद्र चौधरी, शिवराम सैनी, रामप्रसाद सैनी, टिकेंद्र चौधरी, राधे लाल सैनी, जैकी शर्मा, राम रूपचंद सैनी, कन्हैया सिंह, नारायण सैनी, निरंजन सिंह, जवाहर सिंह और वीरेंद्र सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।