मथुरा में स्थानीय लोगों के साथ साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं का रखा जायेगा विशेष ख्यालः शैलेन्द्र
मथुरा। जिले में नगर मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात रहे शैलेन्द्र सिंह एक बार फिर कन्हैया की नगरी में जिलाधिकारी के रूप में सेवा देने पहुंच गये है। नवागत जिलाधिकारी श्री सिंह ने जनपद पहुंचने पर सर्व प्रथम वृन्दावन जाकर ठा. बांकेबिहारी जी का आर्शीवाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने एक बार पुनः अपनी व बृजवासियों की सेवा का अवसर प्रदान करने के लिए श्री बांकेबिहारी जी का धन्यवाद दिया। ठा. बांके बिहारी जी के दर्शन के पश्चात जिलाधिकारी मुरादाबाद के पद से स्थानांतरित होकर आए 2010 बैच के आईएएस अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने मंदिर की व्यस्थाओं का जायजा लिया और मंदिर प्रबंधन के लोगों से वार्ता कर बेहतर व्यवस्था के लिए सुझाव मांगे और श्री बांके बिहारी जी मंदिर के कंट्रोल रूम में जाकर प्रवेश और निकासी द्वारों का अवलोकन किया।
पत्रकारों से मुखातिब होते हुए नवगत जिलाधिकारी ने कहा कि बिहारी जी ने बुलाया है तो अवश्य ही कोई विशेष कार्य सोच कर रखा होगा। वह जो टारगेट देंगे उसे पूरा किया जायेगा। कहा कि जनपद वासियों के साथ ही धार्मिक नगरी के प्रति श्रद्धाभाव लिए दूर दराज से आने वाले भक्त यहां आकर आनंद की अनुभूति करे, भक्तजनों को बेहतर से बेहतर सुख सुविधा मुहैया कराना उनका मुख्य लक्ष्य होगा।
जन्माष्टमी पर्व को लेकर उन्होंने कहा कि भक्तजनों की आस्था के अनुरूप कार्य किये जायेंगे। श्री कृष्णजन्मोत्सव पर्व को शांति एवं सोहार्द के साथ संपन्न कराया जायेगा। कान्हा का जन्मोत्सव चूंकि यह उनकी जन्मभूमि भी है इसलिए यहां इस उत्सव का धूमधाम से मनाया जाना लाजिमी है। इसके पश्चात श्री सिंह ने कोषागार पहुंचकर जिलाधिकारी मथुरा के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। श्री सिंह पूर्व में सूडा के निदेशक, जिलाधिकारी लखीमपुर खीरी आदि विभिन्न पदों पर रह चुके हैं।
पदभार ग्रहण करने के पश्चात जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय कक्ष में मौजूद अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। उसके पश्चात कलेक्ट्रेट स्थित सभी कार्यालय में जाकर पटल पर मौजूद कर्मचारियों से परिचय लिया। पदभार ग्रहण करने के दौरान नगर आयुक्त अनुनय झा , सयुंक्त मजिस्ट्रेट/ एस डी एम सदर अजय जैन सहित सभी अधिकारियो ने उनसे भेंट की।