मथुरा। शहर के महोली रोड पर विकास प्राधिकरण से बिना नक्शा पास कराए बनी हुई तीन दुकानों को सील कर दिया गया है। मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के ओएसडी प्रसून द्विवेदी के निर्देश पर विकास प्राधिकरण के इंजीनियरों की टीम मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंची और आदेश चश्पा करते हुए तीनों दुकानों को सील कर दिया गया है। उक्त दुकान बालकृष्ण चतुर्वेदी पुत्र पुरुषोत्तम लाल चतुर्वेदी शांति नगर, प्रताप नगर, महोली रोड, टौरागढ़ आश्रम की बताई जाती है । अवर अभियंता दिनेश गुप्ता के अनुसार पूर्व निर्मित व अद्यसित भूखंड के अग्रभाग में लगभग 50 वर्ग मीटर में तीन दुकानों का निर्माण बिना मानचित्र कराए किए जाने पर प्राधिकरण द्वारा अधिनियम 1973 की धारा 27(1) की अंतर्गत कार्रवाई प्रस्तावित की गई। कई बार निर्माण कार्य बंद कराया गया तथा निर्माण का मानचित्र स्वीकृत कराने एवं अपना पक्ष रखने हेतु पर्याप्त अवसर प्रदान किए गए परंतु निर्माणकर्ता द्वारा न तो शमन मानचित्र प्रस्तुत किए गए और ना ही स्थल पर निर्माण कार्य बंद किया गया जिसे आदेशों पर उल्लंघन मानते हुए सील बंद करने के आदेश दिनांक 22 अगस्त को पारित किए गए थे। कार्यवाही के दौरान प्राधिकरण के अवर अभियंता अशोक चौधरी अनिल सिंघल सुनील राजोरिया एवं प्रवर्तन दल द्वारा थाना कोतवाली की पुलिस चौकी बाग बहादुर के सब इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह व अन्य पुलिस बल के सहयोग से निर्माण परिसर को सील कर दिया गया।